Wednesday 11 April 2018

चेन्नई में हुई आम सभा पर एक विश्लेषण

हर बार की तरह इस बार भी प्याऊ पर आयोजित आम सभा के लगभग एक महिना पूर्व चेन्नई निवासियों के संग आम सभा ता ०६ अप्रैल २०१८ शुक्रवार को १० बजे बुलाई गई | चेन्नई सभा बुलाने का उद्देश्य यह है की सभी बंधुजन अपने विचार और प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति या अस्वीकृति दे, जो प्याऊ पर आयोजित वार्षिक सभा में रखा जाएगा | सभा में सबने सबसे पहले अपनी उपस्थिति दर्ज कराई | किसी ने अपना वार्षिक बरसोद जमा कराया तो किसी ने कबूतर चुग्गे के लिए चन्दा भी दिया | इसी बीच चाय की चुस्की लेते हर कोई सभा के प्रारंभ होने की राह देख रहे थे | सभा में अब तक ६० से ७० जन उपस्थित हो चुके थे |
सभा के प्रारम्भ की घोषणा के साथ श्रीमान जगदीश सा ने माइक थामा और श्रीमान घीसुलाल सा पालीवाल को सभा अध्यक्ष के रूप में चुना गया | उनके साथ ही श्रीमान मानकचंद सा सिलोरा, श्रीमान रतनलाल सा पालीवाल, श्रीमान प्रकाश सा भण्डारी, श्रीमान सुरेश सा पारिख को भी मंच पर स्वागत किया गया | सभा के सामने श्रीमान जगदीश सा जो सभा के संचालन का कार्यभार संभाल रहे थे सभा के सामने गत वर्ष निधन बंधुजनों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन धारण करवाया | उसके बाद गत वर्ष के आंकड़े और मंदिर निर्माण कार्य का ब्यौरा दिया | मंच पर उपस्थित सभी जनों ने एक-एक कर अपनी बात सभा के सामने रखी | जब सभी ने अपनी बात रखदी तो सभा में उपस्थित बंधुजनों से आग्रह किया की वे भी अपना विचार सामने रखे |श्रीमान संजय सा और श्रीमान सत्यनारायण सा के बाद भाई दिनेश और हमने अपनी बात सभा के सामने रखी | हम जब भी अपनी बात रखते हैं तब इस बात का ध्यान अवश्य रखते है की अपनी बात केवल और केवल समाज के हित की हो और किसी भी व्यक्ति पर ना हो | व्यक्ति वो बड़ा होता है जो दूसरों की बात सुने और उसका उचित उत्तर या समाधान निकाले | परन्तु दुःख की बात यह है की प्रश्न उठाने के कारन हमे और अपने भाई दिनेश को श्रीमान मानकचंद सा द्वारा सभा से निकाल देने को कहाँ | आप विचार कर रहे होंगे कि ऐसा क्या प्रश्न पूछ लिया हमने | भाई दिनेश ने जो युवा संगठन की नियुक्ति प्रक्रिया थी उसका चुनाव करा कर व्यवस्थित ढंग से पुनः प्रारम्भ करने की बात कही | यह बात इसलिए कही क्यूंकि श्रीमान घनश्याम सा सभा में अपनी लाचारिता को दर्शा कर कह रहे थे की दो बार युवा संगठन की सभा बुलाने के बाद भी किसी के द्वारा रूचि नहीं दिखाई गई और निराशा ही हाथ लगी | हमने यह बात कही की अपने पंजीकृत समाज के कुछ नियम होते है जो समाज को उन नियमों का अनुसरण करना होता हैं | हर दो वर्षों में चुनाव और सभी समाज सदस्यों को लिखित रूप में लेखा जोखा पारित करने के प्रावधान को हमने सभा के संज्ञान में लाया | लेखा जोखा के विषय में श्रीमान मानकचंद सा ने उत्तर दिया की केवल बाहर के खाते की प्रतिलिपि ही हम दे सकते है और अन्दर के खाते को हम लिखित रूप में नहीं दे सकते | प्रतियूत्तर में हमने कहाँ की लेख जोखा पूरा खुल्ला क्यूँ नहीं किया जा रहा हैं ? यदि हम ६०० सदस्यों की भी गणना ले तो प्रति व्यक्ति १०००० रूपये का चेक दे तो साठ लाख तक का हिसाब खुला किया जा सकता हैं ! इसमें विलम्ब क्यों ? इतने में उन्होंने अपना आपा खो दिया और हम दोनों भाइयों पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने लग गए | अपने अपमान का घूँट पी हम दोनों भाई सभा से निकल लिए |

कुछ विचार करने योग्य बातें :-

६०-७० जन की उपस्थिति के बाद भी केवल चार जनों ने ही अपने विचार सभा के सामने प्रकट किए |

किसी ने भी विचार या प्रस्ताव पर ना ही अपनी सहमति और ना हि अपनी अस्वीकृति जताई |

लगभग चार घंटे में हमने किसी को नींद के झोंके लेते देखे तो किसी को अपने ही धुन में मस्त |

सभी जैसे मौन व्रत लेके बैठे थे | लग ऐसा रहा था जैसे वे कोई आम सभा में नहीं शोक सभा में भाग ले रहे हो |

हम दोनों भाइयों पर व्यक्तिगत टिप्पणी करनेऔरअपमान कर बाहर निकाल देने को कहने के बाद भी किसीने विरोध के स्वर नहीं निकाले | विरोध कि बात इसलिए क्यूंकि किसी को भी किसीको बाहर निकाल देने कि आज्ञा नहीं हैं | चाहे वे सभा अध्यक्ष ही क्यूँ ना हो | यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बात हैं |

वैसे तो हर कोई अपने आप को राजा और शेर से कम नहीं आंकता परन्तु समय इतना बलवान होता है की इन पेपर टाइगर के पोल खोल देता हैं |

 विवेकयुक्त मन से बाद में विचार किया की अनुचित कहाँ हो रहा हैं ? बंधुजनों में यह लाचारिता क्यूँ ? क्यों कोई भी बन्धु अपनी बात रखने में सामर्थ नहीं जुटा पा रहा ? समाज के प्रति सदस्यों में यह हिन भाव क्यों हैं जैसे की उनका सभा में हो रही बातों से कोई लेना देना ही ना हो ? जब बंधुजनों से इन प्रश्नों पर बात किया तो कहने लगे की यहाँ किसी कि भी बात का कोई मोल नहीं | जो समिति कहे वो सही | कोई भी सदस्य यदि कुछ तीखे विचार रखे तो टालने के लिए यह कह देते है की इस बात का समाधान प्याऊ पर होगा या उनके विचार को अनुचित कह कर बैठा दिए जाते हैं | केवल निराशा के स्वर ही निकल रहे थे की इस समाज का कुछ नहीं हो सकता | क्यूंकि अपना समाज गुण नहीं रूढीवादी से ग्रसित समाज बनकर रह गया हैं | जहां युवाओं को प्रोत्साहन देने के बजाय अपमान का विष पिलाया जाता हैं | ऐसी स्थित में कौन समाज में भाग लेना चाहेगा ? परिस्थिति से निपटना यानी पाशान से अपना सर टकराना जैसा हो गया हैं |

राजस्थान से भी समाचार प्राप्त हुए के आप चेन्नई सभा हमारा समर्थन नहीं करते | कहते है की मारवाड़ सभा ने चेन्नई सभा को यह प्रस्ताव भेजा था इस बार का वार्षिक आम सभा जो जयेष्ठ वद पंचमी (०५/०५/२००८) को होना है उसे ज्येष्ठ मास में स्थगित कर दिया जाय | कारन यह बताते है की इस तिथि के आगे पीछे समाज बंधुओं के घर विवाह सुनिश्चित हुआ हैं तो बंधुजन भाग नहीं ले पाएंगे | परन्तु हमने उनहें बताया की इस तरह का कोई प्रस्ताव चेन्नई सभा में लाया ही नहीं गया था ! प्रस्ताव के बजाय चेन्नई सभा को केवल सूचित किया गया था की समिति ने वार्षिक सभा को अगले ज्येष्ठ में स्थगित करने का प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया हैं | अब यह सभा समिति जाने की इस बात में कितना सत्य हैं | किन्तु एक बात अवश्य है की कोई ना कोई एक दुसरे को अँधेरे में अवश्य रख रहा हैं | एक अव्यवस्था जैसा स्थिति समाज में निश्चित ही दिख रहा हैं |

प्रश्न तो बहुत है किन्तु इसका समाधान क्या हो सकता हैं ? समाज के बंधुजन क्या करे की वे इस निराशावाद स्थिति से आशावाद की और बढ़े ? क्या करे की युवाओं को समाज में भाव सहित भाग लेने का प्रोत्साहन मिले ?

इस प्रश्नों पर कुछ समाधान अपने तरफ से आपके समक्ष रख रहा हूँ |

सबसे पहले आपको ध्यान दिला दूँ कि इस समय हमारे पास कई साधन है जिसके द्वारा हम अपनी बात सभी समाज बंधुओं तक पहुंचा सकते हैं | एक समय था जब साधन की अभाव के कारन समाज की बात केवल सभाओं में ही होती थी | आज हमारे पास फेसबुक, व्हात्सप्प, जैसे सोशल मीडिया है जिसके द्वारा अपनी बात सरलता पूर्वक पहुंचा सकते हैं |

मूक दर्शक बन कर ना बैठे | भले ही आपके लेखन में कोई त्रुटी हो जहां तक आप अपनी बात रखने में सफल हो लेखन पर ध्यान ना दे | बात महत्वपूर्ण है लेख नहीं |

महिला हो युवा हो या अन्य बंधुजन जहां तक हो सके एक्टिव रहे | समाज के बारे में हो रही बातों पर अपनी बात सोशल मीडिया के माध्यम से अवश्य रखे |

आपका मौन ही आपका शत्रु हैं | कोई भी किसी व्यक्ति या समाज के बारे में कोई अनुचित बात करे तो वही उसे टोक दो और अनदेखा ना करें |

जब ऐसा होगा तब आप देखेंगे की कोई भी अनुचित बात करने से पहले दो बार विचार करेगा | हाँ, ऐसा होने में कुछ समय अवश्य लगे परन्तु प्रयास जारी रखें | परिवर्तन अवश्य आयेगा |

कोई अच्छा कार्य करे तो उसका उत्साह बढाने में कोई कंजूसी ना दिखाए | आपका एक उत्साहवर्धक शब्द से किसी के जीवन के साथ साथ समाज में भी उचित बदलाव लाने में सफल होंगे |


निराशा अपने मन में कभी ना लाए | निराश वह होता है जो आशा ही छोड़ दे | आज हम स्वतंत्र देश है तो उसके पीछे सहस्त्रों वीरों का त्याग और बलिदान था | यदि वे निराश हो कर बैठ जाते तो क्या हम एक स्वतंत्र देश हो पाते ? आशा सदैव पाले रखे |

प्रश्नों में उलझने के बजाय समाधान पर अपना ध्यान और ऊर्जा लगाएं | आप देखेंगे की किसी भी समाज में परिवर्तन लाना जो कठिन प्रतीत होता था वह तो बहुत ही सरल दिख रहा हैं |

यदि आप भी अपनी कोई बात साथ में जोड़ना चाहे तो हमे अवश्य बताएं | विचारों की यह प्रवाह निरंतर चलती रहनी चाहिए | प्रगतिशील समाज ही उत्कृष्ट भविष्य बनाने में सामर्थ्य रखता हैं |

हर हर महादेव |


Wednesday 4 April 2018

प्रथम सामाजिक होली-मिलन

माह फरवरी का था और एकाएक फ़ोन आता हैं | सामने वाला कहता हैं - क्या परमानन्द ! इस बार होली के लिए क्या कार्यक्रम का आयोजन कर रहा हैं ?! बस और क्या था, झट अपने सहयोगियों से बात हुई और उतर गए कार्य को सिद्ध करने | तिथि हमे ऐसी चाहिए थी जो सभी वर्ग के लिए सुविधाजनक हो और ३० मार्च हमे उपयुक्त लगा | शुक्रवार का दिन और गुरूवार से रविवार तक सरकारी अवकाश, बस और क्या चाहिए था हमे | क्यूंकि हमारा लक्ष्य समाज के युवाओं को प्रभावित करना था हमने अन्य सहयोगियों के साथ होली मिलन कार्यक्रम के लिए रिसोर्ट ढूँढना प्रारंभ किया |
रिसोर्ट में कार्यक्रम के पीछे हमारी मनचाह यह थी कि मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागृति भी हो | कई रिसोर्ट देखने के बाद महाबलीपुरम के निकट मंकी मोंक नामक रिसोर्ट को होली मिलन के लिए निश्चय किया |
रिसोर्ट निश्चय करने के बाद अब हमारे पास यह चुनौती थी की होली मिलन के लिए खर्चा कितना तक होगा ? कितने बंधुओं का मेला होगा ? आने-जाने की व्यवस्था कैसे करनी हैं ? भोजन का खर्चा ? इत्यादि | समाधान में, हमने सबसे पहले २५० बेस मेम्बर का टार्गेट निश्चय किया | निश्चय के बाद हम अपने सहयोगी राजेश पालीवाल, राहुल गेलावत, प्रदीप शर्मा, आनंद शर्मा, राजेश जोशी, और मयूर उपाध्याय, के साथ बंधुजनों को एकत्रित करने में जुट गए | अब दुसरी चुनौती थी की खर्चा कैसे निकाले ? हमने यह भार कुछ व्यक्ति के ऊपर ना डालते हुए विचार किया की क्यूँ ना एक शुल्क निर्धारित किया जाय | इससे सभी बंधुजनों का भाग के साथ भाव भी कार्यक्रम के साथ जुड़ेगा | भोजन, गाडी का किराया, और रिसोर्ट के खर्चे का गणित कर प्रत्येक व्यक्ति के लिए ८०० रुपया और दस वर्ष के आयु से नीचे के लिए ५०० रुपया का शुल्क निर्धारित किया | पांच वर्ष के नीचे आयु वाले बालक के लिए कोई शुल्क ना लेना का भी निश्चय किया |
पोन्नेरी, कवरैपेट, गूमडीपूंडी के लिए राजेश पालीवाल, अजीत जोशी, और राजेश जोशी के साथ घर-घर जा बन्धुजनों को न्यौता देने के साथ शुल्क भी लेते गए | दुसरे सप्ताह हम प्रदीप भाई और आनंद भाई के साथ आवड़ी और कामराज नगर एवं मयूर उपाध्याय और राहुल गेलावत के साथ पट्टाभीराम और अन्ना नगर का दौरा किया | शहर का प्रभार हमने स्वयं अपने ऊपर ले लिया | तिथि के निकट आते आते हम अपने लक्ष्य के निकट पहुँच गए | 

यातायात के लिए एक स्थान पर गाड़ी करने के बजाय हमने विविध स्थानों पर अलग अलग गाडी किराए पर करा ली ताकि आने और जाने में किसीको किसी तरह की असुविधा ना हो | कुल १३ वैन किराए पर लिया गया | पोन्नेरी कवरैपेट और गूमडीपूंडी से चार वैन, आवड़ी पट्टाभीराम से दो वैन, कार्नाडै से एक वैन, अतिपेट से एक वैन और चेन्नई से पांच वैन किया गया | इस तरह का यातायात सुविधा और संचालन समाज में पहले कभी नहीं हुआ | इतने बड़े कार्य को इतनी सुलभता से सञ्चालन करना एक अप्रतीम चरित्र और संकल्प का परिचय देता हैं | यह हमारे ब्राह्मण युवा संगठन के सहयोगियों कि प्रतिभा का एक अद्भुत उदाहरन के तौर पर हम इसे देखते हैं |

कुछ रोचक बातें :

समाज में पहली बार होली मिलन का आयोजन हुआ जिसमे लगभग ३०० व्यक्ति समाज के बड़े से लेकर बच्चों तक ने भाग लिया |
समाज में पहली बार इतनी बड़े पैमाने में एक सामूहिक मिलन का आयोजन हुआ हैं |

आयोजन में भाग लेने के लिए १३ वैन (19 सीटर वाली) और वो भी अलग अलग क्षेत्रों से करना अपने आप में ही एक अद्भुत कार्य हैं जो आज तक समाज में कभी नहीं हुआ |
युवाओं का इतना बड़ा समूह और वो भी महिलाओं और बच्चों समेत किसी एक स्थान पर एकत्रित होना ब्राह्मण युवा संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों में एक सबसे बड़ी उपलब्धि और सफलता हैं |
महिलाओं को अपनी बात सामूहिक रूप से रखने का अवसर प्रदान करना भी ब्राह्मण युवा संगठन के प्रयासों का ही परिणाम हैं |
यह हमारा संकल्प और समाज के युवाओं का समर्थन ही था जो ब्राह्मण युवा संगठन विचारों से आगे बढ़ उसे सिद्ध करने में अपार सफलता प्राप्त की |
आशा है आप सबका साथ सदैव यु ही मिलता रहेगा |

होली-मिलन के सभी छायाचित्र इस लिंक पर आप देख सकते हैं - https://www.facebook.com/pg/SPDYABS/photos/?tab=album&album_id=1871287656237577

सभी छायाचित्र हमारे सहयोगी सूरज सान्डिल्य और कौशल उपाध्याय द्वारा लिया गया हैं |

हर बार की तरह इस बार का बही खाता भी इस लेख के साथ हम भेज रहे हैं | लेख में किसी भी प्रकार की त्रुटी हो तो हमे सूचित अवश्य करें |
 
हर हर महादेव |

Image 1

Image 2 





 
Image 3
Image 4

Image 5

Image 6


Image 7

Image 8

Image 9

Image 10

Image 11